गाज़ीपुर। थाना कोतवाली पुलिस ने अवैध हथियार रखने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मीरनपुर सक्का हाईवे के पास एक व्यक्ति अवैध असलहे के साथ मौजूद है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर अलाउद्दीन (निवासी शेखपुरा, थाना कोतवाली, गाज़ीपुर, उम्र लगभग 30 वर्ष) को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली में मु०अ०सं० 53/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी आर्म्स एक्ट का एक मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक सलाहुद्दीन व उनकी टीम ने अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि जनपद में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।