गाजीपुर। मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने मंगलवार को कृषि विज्ञान केंद्र, आंकुशपुर, गाजीपुर में स्थित हाईटेक नर्सरी का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नर्सरी में विभिन्न फसलों एवं प्रजातियों के सीडलिंग/बेहनों के उत्पादन की विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने हाईटेक नर्सरी में स्थापित मशीनों एवं उनके तकनीकी संचालन की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि नर्सरी में उत्पादित शाकभाजी फसलों के बेहन/पौधों के विक्रय हेतु कृषकों के बीच विभिन्न मंचों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें। सीडीओ ने नर्सरी में बंदरों द्वारा क्षतिग्रस्त किए गए टनल का अवलोकन करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था से शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए, जिससे उत्पादन कार्य प्रभावित न हो। इस अवसर पर उपायुक्त श्रम एवं रोजगार गाजीपुर, डा. शशांक सिंह (वैज्ञानिक), डा. दीपक कुमार (वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र आंकुशपुर) तथा हाईटेक नर्सरी प्रभारी सुरेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।