
जमानियाँ (गाजीपुर)। क्षेत्र के ग्राम बरुइन स्थित नहर पुलिया के समीप रविवार को अमृत आयोजन समिति बरुइन के तत्वावधान में अमृत अभिनंदन समारोह, पुस्तक विमोचन एवं अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन सरस्वती पत्रिका के संपादक डॉ. रविनन्दन सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार राजेन्द्र सिंह के 75वें वर्ष में प्रवेश करने के उपलक्ष्य में उनका भव्य अभिनंदन किया गया। साथ ही उनके साहित्यिक जीवन एवं रचनात्मक यात्रा पर आधारित पुस्तक ‘अभिनंदन ग्रंथ’ का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों ने वरिष्ठ साहित्यकार को स्मृति चिह्न, अंगवस्त्रम् एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री एवं विधायक ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि साहित्यकार केवल समाज का सजग प्रहरी ही नहीं, बल्कि सृजनकर्ता भी होता है। वह समाज में व्याप्त बुराइयों पर प्रहार कर उसे सकारात्मक दिशा देता है। ऐसे साहित्यकारों का सम्मान समाज को सुदृढ़ बनाता है। उन्होंने कहा कि जब किसी साहित्यकार का सम्मान उसके अपने लोगों के बीच होता है, तो वह क्षण स्वर्णिम बन जाता है। साहित्यकार वीरेन्द्र सारंग ने कहा कि राजेन्द्र सिंह बेबाक, निडर एवं निर्भीक होकर साहित्य साधना में संलग्न हैं और गांव-गांव साहित्य की अलख जगा रहे हैं। वे जाति-पाति के भेद से ऊपर उठकर युवाओं को साहित्य से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं। अपने उद्बोधन में वरिष्ठ साहित्यकार राजेन्द्र सिंह ने कहा कि बढ़ती उम्र के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ती हैं और जब तक जीवन रहेगा, वे साहित्य सेवा में लगे रहेंगे।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में कुमार शैलेन्द्र, कामेश्वर दूबे, डॉ. अखिलेश शर्मा शास्त्री, यशवंत सिंह एस, पुकार गाजीपुरी, मिथलेश गहमरी, ऋचा राय, रिंकी यादव, पारूल सिंह, हरिशंकर पाण्डेय एवं रामनगीना कुशवाहा सहित कवियों ने काव्यपाठ कर श्रोताओं को कभी सोचने पर मजबूर किया तो कभी ठहाकों से गुदगुदाया। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि मन्नू सिंह, चेयरमैन जयप्रकाश गुप्ता, पूर्व चेयरमैन अनिल गुप्ता, डॉ. काशीनाथ सिंह, चन्द्रशेखर सिंह, प्रो. संतोष सिंह, डॉ. अभिषेक कुमार, बाबूलाल मानव, अनिल यादव, काशी यादव, पंकज तिवारी, छेदी सिंह, संजय सिंह, प्रधानाचार्य ओमनरायण राय, रामअवतार सिंह, काशी सिंह, आलोक सिंह, मनोज सिंह, सुशीला देवी, अनुप्रिया सिंह, सरोज सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अक्षय पाण्डेय एवं राजकुमार ने संयुक्त रूप से किया।