जमानियाँ (गाजीपुर)। क्षेत्र के ग्राम बरुइन स्थित नहर पुलिया के समीप रविवार 8 फरवरी को प्रातः 10 बजे अमृत आयोजन समिति बरुइन-जमानियाँ के तत्वावधान में अमृत अभिनंदन समारोह एवं अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन समिति के समन्वयक डॉ. रविनंदन सिंह ने बताया कि वरिष्ठ साहित्यकार राजेंद्र सिंह के 75वें वर्ष में प्रवेश के उपलक्ष्य में यह अमृत अभिनंदन समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर उनके जीवन और साहित्यिक यात्रा पर आधारित पुस्तक ‘अभिनंदन ग्रंथ’ का विमोचन भी किया जाएगा। कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित होगा। प्रथम सत्र प्रातः 10 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें अभिनंदन ग्रंथ का विमोचन तथा वरिष्ठ साहित्यकार राजेंद्र सिंह के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर परिचर्चा होगी। इस अभिनंदन ग्रंथ में देश के 35 नामचीन रचनाकारों के आलेख संकलित एवं संपादित किए गए हैं। इस सत्र में वरिष्ठ साहित्यकार का शाल, प्रतीक चिह्न, अभिनंदन पत्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया जाएगा। गाजीपुर, वाराणसी, लखनऊ, इलाहाबाद, पटना एवं कोलकाता से पधारे साहित्यकार उनकी रचनाधर्मिता पर अपने विचार व्यक्त करेंगे। द्वितीय सत्र में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें आमंत्रित कविगण काव्यपाठ प्रस्तुत करेंगे।