गाजीपुर। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में बृहद विधिक सहायता/सेवा शिविर (मेगा शिविर) के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं सफल आयोजन को लेकर सोमवार को जनपद न्यायालय गाजीपुर के दसकक्षीय सभागार में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शक्ति सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, कोर्ट संख्या-1 एवं नोडल अधिकारी लोक अदालत, गाजीपुर ने की।
बैठक में नोडल अधिकारी शक्ति सिंह ने जानकारी दी कि 22 फरवरी 2026 को जनपद गाजीपुर के सभी सरकारी विभागों द्वारा जनपद न्यायालय परिसर में शिविर लगाया जाएगा, जिसमें संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि शासन स्तर पर संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुँचाने के उद्देश्य से न्यायपालिका द्वारा यह बृहद विधिक सहायता/सेवा शिविर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं, निर्बल एवं निर्धन वर्ग, अनुसूचित जाति/जनजाति, दिव्यांगजन सहित समाज के वंचित वर्गों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करना है। आमजन से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती अर्चना ने बताया कि विधिक सहायता एवं सेवा शिविर से संबंधित किसी भी असुविधा या जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर के कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। बैठक में जिला सूचना अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, अधिशासी अभियंता जल निगम, जिला पशुपालन अधिकारी, जिला मत्स्य पालन अधिकारी, जिला महिला एवं बाल कल्याण अधिकारी, प्राचार्य राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, परियोजना निदेशक डूडा, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, सहायक आयुक्त जीएसटी, जिला बाट-माप अधिकारी, जिला ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक अधिकारी, जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, समन्वयक नेहरू युवा केंद्र, जिला सेवायोजन अधिकारी तथा नगर पालिका परिषद गाजीपुर के अधिकारी उपस्थित रहे।