गाजीपुर| जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने शनिवार को तहसील जमानियां के विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर कार्यप्रणाली और अभिलेख व्यवस्था की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपजिलाधिकारी कक्ष, न्यायालय कक्ष, रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय, नायब तहसीलदार कार्यालय, तहसील अभिलेखागार तथा तहसीलदार न्यायिक कक्ष का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने लंबित और पुरानी पत्रावलियों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो फाइलें अभी शेष हैं, उनमें समयबद्ध ढंग से दाखिल-दफ्तर की कार्रवाई पूरी की जाए। रिकॉर्ड रूम और संग्रह कार्यालय के निरीक्षण के दौरान डीएम ने ऑनलाइन आरसी, स्टाम्प रजिस्टर, म्यूटेशन, दाखिल-खारिज, खसरा और खतौनी सहित विभिन्न अभिलेखों की स्थिति की जानकारी ली तथा अभिलेखों को सुव्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया, नायब तहसीलदार अवनीश कुमार तथा संबंधित पटल सहायक उपस्थित रहे।