गाजीपुर| आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देश पर जनपद में होली पर्व से पहले मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत अभिसूचना आधारित जांच में कुल 4 खाद्य नमूने संग्रहित किए गए और 53 किलोग्राम आटा (ब्रांड—किसान शक्ति भोग) सीज किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1749 रुपये बताई गई है।
अभियान के दौरान 20 फरवरी को सुहवल शिवाला स्थित प्रियंका राय के प्रतिष्ठान मेसर्स श्री श्री स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट से पनीर, खोया और छेना मिठाई के नमूने लिए गए। वहीं रेवतीपुर स्थित ममता राय के विनिर्माण प्रतिष्ठान मेसर्स बाबा विश्वनाथ राइस एंड फ्लोर मिल से आटा का नमूना लिया गया तथा मौके पर 53 किलो आटा सीज किया गया। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के संबंध में संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार सूचना भी जारी की गई। संग्रहित नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई सहायक आयुक्त (खाद्य)-II आर.सी. पाण्डेय और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचंद गुप्त के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों बिपिन कुमार गिरि, धनंजय सिंह, अरविंद प्रजापति, पंकज कुमार कन्नौजिया और वीरेंद्र यादव की टीम द्वारा की गई।