जमानिया (गाजीपुर)| कोतवाली क्षेत्र के रइमला गांव में सोमवार की रात चोरों ने पशुपालक को निशाना बनाते हुए एक बंद कमरे से दो भैंसों की चोरी कर ली। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह होने पर पीड़िता ने आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर पुलिस को लिखित तहरीर दी।
पुलिस को दी गई शिकायत में आरती देवी (पत्नी शंभू चौधरी) निवासी रइमला गांव ने बताया कि सोमवार, 23 फरवरी की रात उन्होंने अपनी दोनों भैंसों को कमरे में बांधकर घर चली गई थीं। मंगलवार सुबह जब वह वहां पहुंचीं तो दोनों भैंसें गायब थीं। शुरुआत में उन्हें लगा कि भैंसें खुलकर कहीं चली गई होंगी, इसलिए उन्होंने आसपास के गांवों में खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने कोतवाली पहुंचकर कानूनी कार्रवाई और मवेशियों की बरामदगी की गुहार लगाई। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।