माननीय उच्च न्यायालय, किशोर न्याय समिति, इलाहाबाद के निर्देशों के अनुपालन में आज दिनांक 25.02.2026 को बाल संरक्षण गृहों के निरीक्षण हेतु गठित समिति द्वारा राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी, गाजीपुर एवं राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर), गाजीपुर का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण समिति के अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय, जनपद न्यायाधीश, गाजीपुर रहे। समिति के सदस्यों में दिनेश कुमार (एडीएम/एफआर), राम अवतार प्रसाद (विशेष न्यायाधीश, पॉक्सो कक्ष सं. 01), श्रीमती नूतन द्विवेदी (मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी), संतोष कुमार वैश्य (मुख्य विकास अधिकारी), श्रीमती अर्चना (सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण) एवं संजय कुमार सोनी (जिला परिवीक्षाधीन अधिकारी) शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान दोनों संस्थानों में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित पाए गए। आवासित किशोर उपस्थिति पंजिका दिनांक 25.02.2026 के अनुसार उपस्थित पाए गए। समिति द्वारा निर्देशित किया गया कि निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन की व्यवस्था, स्वच्छता, वस्त्र उपलब्धता तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही बच्चों को प्रतिदिन शारीरिक गतिविधियां कराए जाने पर बल दिया गया। निरीक्षण के दौरान किसी भी बालक द्वारा उत्पीड़न अथवा किसी प्रकार की असुविधा की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।