जमानिया (गाजीपुर)| कोतवाली क्षेत्र के देवढ़ी गांव में अवैध खनन के उद्देश्य से एक सेवानिवृत्त सैनिक के खेत में खड़ी गेहूं की फसल को जेसीबी मशीन से नष्ट किए जाने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक, गाजीपुर के निर्देश के उपरांत की गई।
देवढ़ी गांव निवासी एवं भारतीय सेना से सेवानिवृत्त जवान हरिद्वार सिंह ने आरोप लगाया है कि दाऊदपुर गांव निवासी रामप्यारे सिंह ने अवैध खनन की नीयत से उनके खेत में जबरन जेसीबी मशीन प्रवेश कराकर लहलहाती गेहूं की फसल को क्षतिग्रस्त कर दिया। सेवानिवृत्त जवान के अनुसार, उन्होंने दिनांक 30 जनवरी 2026 को इस संबंध में कोतवाली में लिखित शिकायत दी थी, किंतु लगभग एक माह तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित द्वारा दिनांक 24 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक, गाजीपुर को प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए जाने पर मामले को संज्ञान में लिया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा कोतवाली प्रभारी को तत्काल मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। निर्देशानुसार बुधवार को आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी पंजीकृत कर ली गई है। मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि प्रकरण में विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा जांच के आधार पर अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।