जमानिया (गाजीपुर)| कोतवाली क्षेत्र के जोगियामार के समीप 17 फरवरी को ड्यूटी पर जा रहे एक सफाई कर्मी की मोटरसाइकिल में पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में सफाई कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया तथा उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। उपचार के उपरांत पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद एवं एक अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
करंडा थाना क्षेत्र के नौदर (गोशन्देपुर) गांव निवासी रमेश यादव ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह दिलदारनगर थाना क्षेत्र के फुल्ली ग्राम पंचायत में सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत हैं। दिनांक 17 फरवरी 2026 को प्रातः लगभग 8 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल से ड्यूटी के लिए निकले थे। प्रातः लगभग 9:35 बजे पांडेय मोड़ होते हुए जोगियामार के पास पहुंचने पर पीछे से आ रही तेज गति एवं लापरवाही से चल रही मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से वह सड़क पर गिर पड़े, जिससे उनके पैर में गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, बाइक चला रहे युवक ने अपना नाम अवधेश यादव, निवासी भरवलिया, थाना दिलदारनगर बताया। उसके साथ एक अन्य युवक भी सवार था, जिसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। घायल अवस्था में रमेश यादव को उनके साथियों एवं परिजनों द्वारा तत्काल चंदौली जनपद स्थित मुगलसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा ऑपरेशन कर पैर में रॉड डाली गई। उपचार के पश्चात स्वास्थ्य में सुधार होने पर पीड़ित ने एक्स-रे एवं अन्य चिकित्सीय अभिलेखों के साथ कोतवाली में लिखित तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है तथा प्रकरण की जांच की जा रही है।