जमानिया। छत्तीसगढ़ के भिलाई में 22 से 28 फरवरी तक आयोजित ‘अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी चैंपियनशिप’ में जमानिया के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों की झड़ी लगा दी। सभी खिलाड़ी जमानिया स्थित द्रोणा तीरंदाजी अकादमी के प्रशिक्षु रहे हैं। इन प्रतिभावान खिलाड़ियों ने विभिन्न अर्धसैनिक बलों एवं राज्य पुलिस विभागों का प्रतिनिधित्व करते हुए न केवल अपने-अपने विभागों का मान बढ़ाया, बल्कि गाजीपुर जनपद और जमानिया का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
पदक विजेताओं का प्रदर्शन
अमीषा चौरसिया (सीमा सुरक्षा बल) – 1 स्वर्ण एवं 2 रजत पदक
प्रशांत (असम राइफल्स) – 2 रजत एवं 1 कांस्य पदक
रोहित (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) – 2 रजत एवं 1 कांस्य पदक
मनीष दुबे (असम राइफल्स) – 1 रजत पदक
इसके अतिरिक्त नमिता वर्मा (उत्तर प्रदेश पुलिस) तथा बलराम यादव (सीमा सुरक्षा बल) ने भी प्रतियोगिता में भाग लेकर उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। द्रोणा तीरंदाजी अकादमी के कोच सतीश दुबे ने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि कठोर अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जमानिया की प्रतिभा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सशक्त पहचान बनाई है। गाजीपुर तीरंदाजी संघ के सचिव नंदू दुबे ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे भविष्य में भी देश और जिले का नाम रोशन करते रहेंगे। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से क्षेत्र में उत्साह का वातावरण है तथा स्थानीय निवासियों एवं खेल प्रेमियों द्वारा उन्हें निरंतर शुभकामनाएं दी जा रही हैं।