जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के बड़ेसर नहर तीन मोहानी तिराहे के पास बुधवार की देर रात एक युवक पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुरानी रंजिश और वाहन खड़ा करने के विवाद को लेकर हुए इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।पीड़ित पक्ष की तहरीर पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने गुरुवार को पांच नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है मामला
रेलवे स्टेशन के पटखौलिया मोहल्ला निवासी अरमान के अनुसार, उनका चचेरा भाई फिजाउल उर्फ सिप्पी रात करीब 11:30 बजे एक लगन समारोह से लौट रहा था। बड़ेसर नहर तिराहे के पास पहुंचते ही गांव के ही भगवान, मंगल, अभिषेक, बृजेश एवं शिव प्रकाश ने उसे घेर लिया और विवाद के दौरान मारपीट कर दी। हमले में फिजाउल गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे गांव के रसीद को भी चोटें आईं। परिजन के मौके पर पहुंचने तक आरोपी फरार हो चुके थे। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।