जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के लमुई गांव में पुरानी रंजिश को लेकर अबीर चढ़ाकर लौट रहे एक युवक और बीच-बचाव करने आए लोगों पर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हिंसक झड़प में एक युवक का सिर बुरी तरह फट गया, जिससे वह बेहोश हो गया। घायल का इलाज मुगलसराय के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर 13 नामजद और 4–5 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मूल रूप से चंदौली जिले के कंदवा थाना क्षेत्र के धमिना गांव निवासी तथा वर्तमान में लमुई में रह रहे प्यारे बिंद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 4 मार्च की दोपहर करीब 3 बजे वह नहा-धोकर और अबीर चढ़ाकर घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पुरानी रंजिश के चलते आकाश बिंद, अंकित बिंद (पुत्रगण पारस) और सूरज बिंद मोटरसाइकिल से पहुंचे और अचानक उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
शोर सुनकर छोटेलाल, रामजियावन, रमेश, शिवमुनी, आकाश, लक्की और धनंजय बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी दौरान विपक्षी पक्ष के लोग गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर सभी पर टूट पड़े। इस हमले में छोटेलाल (पुत्र बलिराम) के सिर पर गंभीर चोट लगी और उनका सिर फट गया। अधिक खून बहने से वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में मुगलसराय के गोधना मोड़ स्थित चरक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। तहरीर के अनुसार हमलावरों में आलोक कुमार, देवानंद कुमार, गोपीचंद, सोनू बिंद, प्रदुम्न उर्फ मनीष, चंद्रशेखर बिंद, आनंद कुमार, सारांगी बिंद, पारस बिंद और प्रिंस बिंद भी शामिल थे। आरोप है कि सभी ने मिलकर हमला किया और जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी। घटना में 4–5 अज्ञात लोग भी शामिल बताए गए हैं, जिन्हें घायल छोटेलाल पहचानते हैं। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि पीड़ित प्यारे बिंद की तहरीर के आधार पर 13 नामजद और 4–5 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और मामले की गहन जांच की जा रही है।