गाजीपुर| मेरा युवा भारत केंद्र गाजीपुर तथा साई युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को भव्य रूप से मनाने के उद्देश्य से 08 मार्च 2026 को महिलाओं की दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में निदेशक/जिला युवा अधिकारी कपिल देव राम ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि यह प्रतियोगिता गोराबाजार स्थित नेहरू स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जनपद स्तर पर शासन द्वारा 1000 महिलाओं की भागीदारी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सभी प्रतिभागियों के लिए MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य होगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत तीन आयु वर्ग —
अंडर-13 वर्ष
13 से 18 वर्ष
18 वर्ष से अधिक
में 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस प्रकार कुल 09 दौड़ प्रतियोगिताओं के साथ-साथ मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन के साथ-साथ जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, उपायुक्त राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, जिला युवा कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, नोडल अधिकारी, राजकीय महाविद्यालय पीजी कॉलेज, जिला क्रीड़ा अधिकारी, कमांडेंट एनसीसी गाजीपुर तथा भारत स्काउट गाइड के कमिश्नर का सहयोग लिया जा रहा है।