गाजीपुर। जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार सोनी ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग द्वारा महिलाओं से संबंधित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने, महिला उत्पीड़न की रोकथाम करने तथा पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से प्रदेश के विभिन्न जनपदों में महिला जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि आवेदक/आवेदिकाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए माह मार्च 2026 में यह कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। यह बैठक संबंधित जनपद के जिलाधिकारी द्वारा नामित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अथवा उनके द्वारा नामित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, महिला थानाध्यक्ष एवं संबंधित थाने के क्षेत्राधिकारी की उपस्थिति में संपन्न कराई जाएगी। इसी क्रम में जनपद गाजीपुर में दिनांक 12 मार्च 2026 को महिला जनसुनवाई/समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।उन्होंने अवगत कराया कि जनपद गाजीपुर में यह बैठक माननीय अध्यक्ष डॉ. बबीत्ता सिंह चौहान की अध्यक्षता में निरीक्षण भवन/गेस्ट हाउस, प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग, गाजीपुर में आयोजित होगी, जिसमें महिलाओं की समस्याओं की सुनवाई कर उनके त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।