गाजीपुर। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड, लखनऊ द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को निःशुल्क आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित अटल आवासीय विद्यालय, करसड़ा (राजातालाब), वाराणसी में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए कक्षा 6 और कक्षा 9 में प्रवेश हेतु जनपद गाजीपुर में प्रवेश परीक्षा सकुशल सम्पन्न कराई गई। अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा 6 के लिए कुल 160 सीटें (80 बालक और 80 बालिकाएं) तथा कक्षा 9 के लिए 64 सीटें (33 बालक और 31 बालिकाएं) निर्धारित हैं। इन सीटों पर प्रवेश मंडल स्तर पर आयोजित प्रवेश परीक्षा के आधार पर तैयार मेरिट सूची के माध्यम से किया जाएगा।
श्रम विभाग के तत्वावधान में एमएएच इंटर कॉलेज, बरबरहना (गाजीपुर) में आयोजित इस परीक्षा में कक्षा 6 के लिए निर्धारित 228 अभ्यर्थियों में से 227 तथा कक्षा 9 के लिए निर्धारित 128 अभ्यर्थियों में से 125 अभ्यर्थी शामिल हुए। कक्षा 6 की परीक्षा प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक तथा कक्षा 9 की परीक्षा प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।यह परीक्षा जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देशन में तथा अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) दिनेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित कराई गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य खालिद आमिर, सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात डिप्टी कलेक्टर (न्यायिक) मोहम्मदाबाद रणविजय, स्टैटिक मजिस्ट्रेट लोकेंद्र कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी मनोज कुमार राजपूत सहित श्रम विभाग के कर्मचारी और विद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे। परीक्षा के सफल संचालन में सहायक श्रम आयुक्त अभिषेक सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूरी परीक्षा जनपद में शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई।