जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली पुलिस को दहेज उत्पीड़न के एक मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक दंपती को उनके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। अचानक हुई इस पुलिस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बचने की कोशिश कर रहे थे। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम (डीपी एक्ट) के तहत मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामबचन यादव (58 वर्ष) और उनकी पत्नी देवन्ती देवी (56 वर्ष) निवासी रामपुरपट्टी सरनाम खां (खांवपुरा), थाना जमानियां, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस काफी समय से दोनों की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में उपनिरीक्षक बृजेश्वर यादव ने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी कर सोमवार को दोनों को उनके आवास के पास से ही गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर कोतवाली लाया गया, जहां उनके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बृजेश्वर यादव, कांस्टेबल राजेश यादव और महिला कांस्टेबल कंचन शामिल रहीं। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।