जमानियां (गाजीपुर)। क्षेत्र के बूढ़ाडीह गांव में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। लंबे समय से सफाईकर्मियों के गांव में न आने से नाराज़ ग्रामीणों ने सोमवार को विरोध का अनूठा तरीका अपनाते हुए खुद ही गांव की गलियों और नालियों की सफाई शुरू कर दी। बताया जाता है कि विशेषकर हरिजन बस्ती में नालियां गंदगी से बजबजा रही थीं। दुर्गंध और संक्रामक बीमारियों के खतरे को देखते हुए ग्रामीणों ने श्रमदान कर नालियों की सफाई की और आसपास फैली गंदगी को हटाया।
ग्रामीण संतोष कुमार, श्याम नारायण, नथुनी राम, गुड्डू कुमार, बाबूलाल, रवि कुमार, मिथिलेश कुमार, द्वारिका राम आदि ने बताया कि गांव में लंबे समय से कोई सफाईकर्मी नहीं आया है। नालियां गंदगी से पट गई हैं और सड़कों पर कूड़ा फैला रहता है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ, जिसके चलते ग्रामीणों को खुद ही सफाई करने के लिए मजबूर होना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने यह कदम परिवार और बच्चों को संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए उठाया है।इस संबंध में ग्राम पंचायत अधिकारी उमेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कागजों में गांव के लिए दो सफाईकर्मियों की तैनाती है और उन्हें नियमित सफाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि ग्रामीणों की ओर से सफाई न होने की शिकायत मिली है। मामले की जांच कर लापरवाही बरतने वाले सफाईकर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों के इस कदम ने जहां एक ओर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, वहीं दूसरी ओर स्वच्छता के प्रति उनकी जागरूकता क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है।