जमानियां (गाजीपुर)। विकास खंड अंतर्गत सैदाबाद स्थित दमकल केंद्र पर तैनात एक फायर ब्रिगेड कर्मी सोमवार सुबह सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल कर्मी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार बलिया जनपद निवासी मिथिलेश कुमार यादव (45 वर्ष) पुत्र शारदानंद यादव, जो वर्तमान में सैदाबाद दमकल विभाग में कार्यरत हैं, सोमवार सुबह किसी कार्य से मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस दुर्घटना में मिथिलेश कुमार यादव को गंभीर चोटें आईं। सड़क पर गिरने से उनका होंठ और चेहरा बुरी तरह कट गया, जिससे काफी रक्तस्राव होने लगा। घटना के बाद मौके पर पहुंचे विभागीय साथियों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत कस्बा बाजार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ले जाया गया। पीएचसी के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार और मरहम-पट्टी की, लेकिन चोट गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल घायल कर्मी का उपचार जारी है।