जमानियाँ (गाजीपुर)। लोक आस्था का महापर्व छ्ठ पूजा शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। शनिवार को खरना, रविवार को सायंकालीन अर्घ्य और सोमवार को प्रात: कालीन अर्घ्य दिया जाएगा।
छ्ठ पूजा को लेकर क्षेत्र में तैयारी जोर-शोर से चल रही हैं। स्वयं सेवी संस्थाएं, समाजसेवी तथा नगर पालिका प्रशासन गंगा घाट की साफ-सफाई तथा प्रकाश की व्यवस्था करने में जुटा है। वही स्थानीय बाजार में दुकान अनूठे फलों से लगायत सूप-सूपेली, दउरी, दीया, कोसी आदि की रंग-बिरंगे टेन्टों में अस्थायी रूप से सज गई हैं तथा सुबह से ही बाजार में खरीददारों की काफी भीड़-भाड़ रही।
स्टेशन बाजार सहित कस्बा बाजार में सड़क पटरी भी फल व अन्य सामानों की दुकानों से सज गई है तथा जगह-जगह पर ईख की भी दुकान सजी हुई है। सड़क पटरी पर दुकानें सज जाने के कारण जाम की स्थिति बन गई है। जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छठ महापर्व पर स्टेशन बाजार में भीड़ के दृष्टिगत यातायात को सुगम बनाने हेतु पुलिस प्रशासन कमर कस लिया है तथा राहगीरों को स्टेशन जाने में कोई परेशानी न हो इसके लिए तमाम प्रयास किये जा रहे है।

इस सम्बन्ध में स्टेशन चौकी प्रभारी रंजीत कुमार ने बताया कि छठ पूजा में बाजार में भारी भीड़ के दृष्टिगत राहगीरों की सुविधा के लिए शनिवार से रूट का डाईवर्जन किया जायेगा। सब्जी मण्डी वाले रास्ते को चार पहिया वाहन व आटो के लिए बन्द कर दिया जायेगा तथा बडेसर मोड़ से वाहन कांशीराम कालोनी होते हुए स्टेशन परिसर तक आयेगे जिससे बाजार में वाहनों का दबाव नही रहेगा।
