गाजीपुर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग के तत्वावधान में महिलाओं से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने और महिला उत्पीड़न की रोकथाम के लिए महिला जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन 30 अप्रैल 2025 को गाजीपुर में किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाना और आवेदकों की सुगमता सुनिश्चित करना है। इस कार्यक्रम में संबंधित जनपद के जिलाधिकारी द्वारा नामित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक या उनके द्वारा नामित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, महिला थानाध्यक्ष और संबंधित थाने के क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहेंगे।
गाजीपुर जिले में महिला जनसुनवाई की अध्यक्षता श्रीमती सुनीता श्रीवास्तव, सदस्य, राज्य महिला आयोग करेंगी। यह जनसुनवाई कार्यक्रम प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन/गेस्ट हाउस में आयोजित होगी। इस कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एक मंच प्रदान किया जाएगा, जिससे वे अपनी समस्याओं को सीधे राज्य महिला आयोग के समक्ष रख सकें।