गाजीपुर। सैदपुर ब्लॉक के अहलादपुर गांव में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर महिलाओं ने देशभक्ति के रंग में डूबकर उत्सव मनाया। भाजपा महिला मोर्चा की नेत्री सुचिता यादव के नेतृत्व में दर्जनों महिलाओं ने एक-दूसरे की मांग में सिंदूर भरकर जीत का जश्न मनाया। इस मौके पर गांव का माहौल पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। महिलाओं ने कहा कि भारतीय सेना ने आतंकवाद के खिलाफ ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। अगर पाकिस्तान परस्त आतंकवादी नहीं सुधरे, तो वह दिन दूर नहीं जब भारतीय सेना इस्लामाबाद तक पहुंच जाएगी और भारत की महिलाएं वहीं जाकर ‘सिंदूर खेलेंगी’।
इस मौके पर सुचिता यादव ने कहा कि भारत की नारियां प्राचीन काल से ही शौर्य, साहस और शक्ति की प्रतीक रही हैं। दुर्गा, काली और चामुंडा के रूप में उन्होंने हमेशा अधर्म का अंत किया है। आज भी वही परंपरा सरकार और सेना के माध्यम से निभाई जा रही है। वीरांगनाएं व्योमिका सिंह और सोफिया कुरैशी को मिली जिम्मेदारी ने पूरी दुनिया को भारतीय नारी की शक्ति का एहसास कराया है।महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आस्था जताते हुए कहा कि जब तक ये दोनों नेता हैं, देश का सिर गर्व से ऊंचा रहेगा। उनका कहना था कि मोदी ने जो वादा किया था, वह पूरा कर दिखाया है। इस जश्न में नीलमणि देवी, मुन्नी देवी, सावित्री, रिंकू देवी, बबिता और अनिता सहित कई महिलाएं मौजूद रहीं।