Skip to content

हत्याकांड का पर्दाफाश, दो नामजद गिरफ्तार, चार की तलाश जारी


जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के बघरी गांव में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने विवाहिता प्रतिमा की हत्या के आरोप में उसके पति आलोक सम्राट और ससुर जयप्रकाश राम को हेतिमपुर पुलिया के पास से उस समय गिरफ्तार किया, जब दोनों फरार होने की कोशिश में थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ की और फिर मेडिकल परीक्षण के बाद उन्हें संबंधित धाराओं में चालान कर न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने जानकारी दी कि मृतका की मां संजू देवी की तहरीर पर पति, ससुर सहित कुल छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल चार आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।उल्लेखनीय है कि बीते शुक्रवार को 23 वर्षीय प्रतिमा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना से गांव में हड़कंप मच गया था। मायके से पहुंची संजू देवी ने प्रतिमा के ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया था। प्रतिमा की शादी एक वर्ष पूर्व आलोक सम्राट के साथ हुई थी, जिसके बाद से ही उसे लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शेष फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस टीमों का गठन कर दबिशें तेज कर दी गई हैं।