जमानियां। घरेलू हिंसा प्रकरण की सुनवाई के दौरान तहसील परिसर स्थित ग्राम न्यायालय में सोमवार को एक महिला के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीमा देवी की शादी अनिल यादव, निवासी ग्राम चोरवा बहुवरा, थाना राजपुर, जनपद बक्सर (बिहार) से हुई है। सोमवार को घरेलू हिंसा मामले की सुनवाई तय थी। इसी सिलसिले में सीमा देवी ग्राम न्यायालय पहुंचीं थीं। आरोप है कि उसी दौरान अनिल यादव ने उन्हें रोककर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया। पीड़िता के अनुसार जब उन्होंने कहा कि उन्हें सम्मान और उचित व्यवहार मिलने पर ही वह मुकदमा वापस लेने पर विचार करेंगी, तो आरोपी ने भीड़ के बीच उनके साथ गाली-गलौज की और उनके गाल पर दो-तीन थप्पड़ मार दिए। बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। सीमा देवी ने तहरीर में लिखा है कि आरोपी मनबढ़ स्वभाव का है, इसलिए उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई आवश्यक है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।