गाजीपुर। वाराणसी मंडल के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने शुक्रवार को जनपद गाजीपुर के दौरे के दौरान कलेक्ट्रेट स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अपर उप जिलाधिकारी न्यायालय कक्ष, जिला सचिवालय, माल अभिलेख कक्ष तथा ई-गवर्नेंस सेल का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान ई-गवर्नेंस सेल में आईजीआरएस और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर के सभी न्यायालय कक्षों में पुराने लंबित मामलों को सूचीबद्ध कर शीघ्र निस्तारण करने को कहा।
इसके बाद उन्होंने विभिन्न पत्रावलियों और अभिलेखों की भी समीक्षा की तथा पाई गई कमियों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि कार्यालय कार्यों में किसी भी प्रकार की उदासीनता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कलेक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि सभी पटलों के रजिस्टर अद्यतन रखे जाएं तथा आवश्यक अभिलेख और दस्तावेज व्यवस्थित रूप से संधारित किए जाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन देना सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि कोई कर्मचारी अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाह पाया गया तो उसके विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान जिलाधिकारी अविनाश कुमार, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) दिनेश कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, अपर उप जिलाधिकारी विनोद जोशी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।