गाजीपुर। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने वाराणसी-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-31 पर विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है।
पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के अनुरोध पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने आदेश जारी करते हुए बताया कि 30 जुलाई से श्रावण मास प्रारंभ हो रहा है। इस दौरान प्रमुख सोमवार 3, 10, 17 एवं 24 अगस्त को पड़ेंगे, जबकि श्रावण महाशिवरात्रि 11 अगस्त को मनाई जाएगी। इन अवसरों पर बड़ी संख्या में कांवड़ियों के आवागमन को देखते हुए विशेष यातायात प्रबंधन किया गया है। आदेश के अनुसार औड़िहार से रजवाड़ी तथा मटेहूं से जंगीपुर तक राष्ट्रीय राजमार्ग के बाएं लेन को कांवड़ियों के लिए सुरक्षित रखा जाएगा, जबकि दाएं लेन से सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन वन-वे व्यवस्था के तहत संचालित किया जाएगा। यह व्यवस्था प्रत्येक शुक्रवार एवं शनिवार की मध्यरात्रि 12 बजे से सोमवार की मध्यरात्रि 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। इसके अतिरिक्त श्रावण महाशिवरात्रि के अवसर पर 10 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे से 11 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक भी यही व्यवस्था लागू रहेगी। निर्धारित अवधि के दौरान बाएं लेन पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। जिला प्रशासन ने आमजन एवं वाहन चालकों से यातायात व्यवस्था का पालन करने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।