गाजीपुर 11 नवम्बर- 2022 (सू.वि)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपद वासियों से बुखार से भयभीत होने की बजाय घरों एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने को अति आवश्यक बताया एवं साथ ही साथ बताया कि मात्र प्लेटलेट का कम होना डेंगू का लक्षण नहीं है। अन्य बिमारियों में भी प्लेटलेट्स की संख्या में कमी होती है। डेंगू स्वयं ठीक होने वाली बीमारी है।
डेंगू के इलाज हेतु कोई विशेष दवा नहीं है। बुखार कम करने हेतु मात्र पेरासिटामोल दवा की जरूरत होती है। आईब्रुफेन एवं डिस्प्रिन इत्यादि का सेवन बिलकुल नहीं किया जाए। बीमारियों से बचाव हेतु अपने घरों के आसपास, घरों की छतों पर तथा घरों के अंदर कहीं भी पानी इकट्ठा नहीं होने देना चाहिए। घरों के आसपास के जलजमाव का निस्तारण पंचायती राज विभाग एवं नगर विकास विभागों के सहयोग से करवाया जाना आवश्यक है। घरों के अंदर तथा छतों पर अनावश्यक वस्तुओं, जैसे पुराने टायर, प्लास्टिक अथवा मिट्टी के पुराने बर्तन, बोतल, ग्लास, नारियल के खोल आदि को तत्काल हटा देना चाहिए। कूलर के पानी को निकाल कर अच्छे से साफ करके सुखा कर रख दें तथा उसका प्रयोग अब बंद कर दें। शरीर को पूरी तरीके से ढक कर रखें तथा सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। मच्छर जनित बीमारियों के जांच एवं उपचार की सुविधा सभी सरकारी चिकित्सालयों में उपलब्ध है। बुखार होने पर तत्काल अपने निकटवर्ती स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा अथवा सरकारी चिकित्सालय से संपर्क करें। कभी भी अनधिकृत चिकित्सक से अथवा स्वयं उपचार नहीं करें।
उन्होने बताया कि 09.11.2022 को पुष्टि हेतु आई एम एस बी एच यू भेजे जा रहे संदिग्ध डेंगू के 09 सैम्पल भेजे गये । अब तक कुल 130 सैंपल भेजे गये, जिसमे 121 परिणाम प्राप्त हुए। जिसमें डेंगू पॉजिटिव जनपद गाजीपुर के 83 व अन्य जनपद के 04 मरीज प्राप्त हुए। नेगेटिव कुल 34 मिले। अन्य जनपद से सूचित कुल 20 मरीज की संख्या प्राप्त हुई। उन्होने बताया कि अबतक जनपद में डेगू के पॉजीटिव कुल 103 मरीज मिले है। 09 परिणाम प्रतिक्षित है। जिला अस्पताल गाजीपुर में डेंगू हेतु आरक्षित बेड की संख्या-25 (भर्ती संदिग्ध डेंगू मरीजों की संख्या-10, बेड खाली-15) है। गाजीपुर के सामु०स्वा केन्द्रों में डेंगू हेतु आरक्षित बेड की संख्या-60 (भर्ती संदिग्ध डेंगू मरीजों की संख्या-7, बेड खाली-53) है। गाजीपुर के निजी अस्पतालों में डेंगू हेतु आरक्षित बेड की संख्या-32 (भर्ती संदिग्ध डेंगू मरीजों की संख्या-0, बेड खाली-32) है।