गाजीपुर। थाना गहमर पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं के प्रति अशोभनीय एवं अश्लील हरकत करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 26 जुलाई को उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह चंदेल अपनी टीम के साथ ग्राम गहमर स्थित स्टेट बैंक के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति को सार्वजनिक स्थान पर आने-जाने वाली महिलाओं के प्रति अश्लील हरकत करते हुए पकड़ा गया, जिससे लोक शिष्टता भंग होने की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनोद कुमार रजक (45 वर्ष) पुत्र खेदु रजक, निवासी ग्राम अइठी गोंइठी, थाना गहमर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में थाना गहमर पर मुकदमा संख्या 146/2026, धारा 296 बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।