जमानिया। क्षेत्र के हेतिमपुर स्थित एस.एस. देव पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने सीबीएसई क्लस्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वाराणसी के सारनाथ स्थित एम.एल. पब्लिक स्कूल में 21 से 26 जुलाई तक आयोजित प्रतियोगिता में 28 जिलों के 148 विद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता के अंडर-14 वर्ग की 400 मीटर दौड़ में विद्यालय के छात्र मिथिलेश यादव ने रजत पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भी अपना स्थान सुनिश्चित किया। वहीं अंडर-17 वर्ग की 400 मीटर दौड़ में अभय यादव ने कांस्य पदक हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विद्यालय के कोच शानू के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने यह उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। प्रतियोगिता से लौटने पर विद्यालय के प्रबंधक सुभाष चंद्र कुशवाहा एवं प्रधानाचार्या सुनीता कुशवाहा ने विजेता खिलाड़ियों और कोच का माल्यार्पण एवं मिठाई खिलाकर सम्मान किया। विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। साथ ही विश्वास जताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी मिथिलेश यादव उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।