जमानिया। नगर के चौधरी मोहल्ला निवासी और श्री गंगा आश्रम, बयेपुर, देवकली, गाजीपुर के यज्ञाचार्य एवं ज्योतिष आचार्य सत्यप्रकाश जी का शुक्रवार सुबह 7:30 बजे लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। 82 वर्षीय आचार्य सत्यप्रकाश जी के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
सूत्रों के अनुसार, आचार्य सत्यप्रकाश जी बीते एक वर्ष से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। उनका इलाज बीएचयू में चल रहा था। उनका परिवार गहरे दुख में डूबा हुआ है। उनकी पत्नी गीता देवी और पुत्र अम्बरीष, मनीष, दीपक, नीतीश, रंजन समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।उनके निधन की खबर मिलते ही लोग उनके घर पर सांत्वना देने के लिए उमड़ पड़े। समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोग उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करने पहुंचे।
आचार्य सत्यप्रकाश जी का अंतिम संस्कार शनिवार सुबह 9 बजे नगर के बलुआ घाट पर किया जाएगा। उनके बड़े पुत्र अम्बरीष मुखाग्नि देंगे। इस मौके पर राजू यादव, विशाल वर्मा, आरिफ, प्रशांत निगम, जितेंद्र शर्मा, संतोष पांडेय, शाहिद, संतोष चौधरी, वंशधर गुप्ता, गुप्तेश्वर, फणींद्र सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहेंगे।
आचार्य सत्यप्रकाश जी के निधन से धार्मिक और सामाजिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है। वे मानव धर्म के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाते रहे और क्षेत्र में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।