गाजीपुर। दैनिक जागरण द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में बुधवार को जनपद के मेधावी छात्र-छात्राओं और उनके शिक्षकों को सम्मानित किया गया। शहर स्थित अतिथि होटल में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए यूपी बोर्ड, सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड के टॉपर विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने करियर से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया तथा उनके प्रश्नों के उत्तर भी दिए। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना रहा। समारोह में बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी, दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ एवं टीम, जनपद के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।