जमानिया। प्रदेश सरकार द्वारा सड़क और सार्वजनिक स्थलों से छुट्टा पशुओं को हटाने के तमाम फरमानों के बावजूद जमानिया तहसील परिसर में शनिवार को लापरवाही का नजारा साफ देखने को मिला। तहसील के मुख्य गेट के पास, जहां एसडीएम और थानेदार की सरकारी गाड़ियां खड़ी रहती हैं, उसी स्थान पर छुट्टा पशु बेखौफ घूमते नजर आए।
हैरानी की बात यह रही कि इस अव्यवस्था को देख कर भी न नगर पालिका प्रशासन, न विकास खंड अधिकारी और न ही तहसील प्रशासन ने कोई संज्ञान लिया। थाना पुलिस भी मूकदर्शक बनी रही। स्थानीय लोगों ने बताया कि छुट्टा पशुओं के कारण तहसील परिसर में आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गौरतलब है कि तहसील और थाना परिसर जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों के मुख्य द्वार पर छुट्टा पशुओं का यूं खुलेआम घूमना प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
जनता ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि छुट्टा पशुओं को शीघ्र हटाया जाए तथा इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए। नागरिकों का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो मजबूरन उन्हें विरोध प्रदर्शन करना पड़ सकता है।सरकारी आदेशों और जमीनी हकीकत के बीच गहरी खाई को उजागर करती यह तस्वीर अब इलाके में चर्चा का विषय बन गई है।