जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के हमीदपुर गांव में भूमि विवाद ने गुरुवार शाम को हिंसक रूप ले लिया। खेत की मिट्टी खोदने से रोकने पर विपक्षी पक्ष ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला बोल दिया। इस हमले में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित सुरेंद्र बिंद पुत्र स्वर्गीय हरी बिंद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 24 अप्रैल को शाम लगभग 5:20 बजे अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि कुछ लोग जेसीबी मशीन से उनके खेत से मिट्टी निकाल रहे हैं। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो गांव के ही चेखुरी, सुनील, रामधनी, दिनेश और रामरती ने पूर्व नियोजित तरीके से हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावर लाठी, डंडे और रॉड से लैस होकर मौके पर पहुंचे और सुरेंद्र बिंद को बुरी तरह पीटने लगे। बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी को भी गंभीर चोटें आईं। पीड़ित ने बताया कि विपक्षियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।घटना के बाद सुरेंद्र बिंद ने 25 अप्रैल को कोतवाली में लिखित तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।