गाजीपुर। जिले के सैदपुर तहसील अंतर्गत ग्राम सौरी के होनहार खिलाड़ी प्रत्यूष राय ने खेलो इंडिया प्रतियोगिता में चयनित होकर क्षेत्र का नाम गर्व से ऊंचा कर दिया है। अवनी कुमार राय के पुत्र प्रत्यूष की इस बड़ी उपलब्धि पर गांव सहित पूरे शादियाबाद थाना क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। प्रत्यूष ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और खेल के प्रति अपने अदम्य जुनून के बलबूते यह मुकाम हासिल किया है। उनके चयन की सूचना मिलते ही गांव में जश्न का माहौल बन गया। परिजनों एवं ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की और एक-दूसरे को बधाई दी। ग्राम सौरी के बुजुर्गों, शिक्षकों तथा खेल प्रेमियों ने प्रत्यूष को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि प्रत्यूष जल्द ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेगा।