गाजीपुर। जिले में अब पुराने और फिटनेस फेल वाहनों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) गाजीपुर ने वाहन स्वामियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि जिन ट्रक, बस, पिकअप, जीप, टैक्सी, ई-रिक्शा और ऑटोरिक्शा आदि वाहनों का फिटनेस एक वर्ष से अधिक समय से समाप्त हो चुका है, उनके खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।
एआरटीओ कार्यालय से जारी सूचना के अनुसार सभी संबंधित वाहन मालिकों को निर्देश दिया गया है कि वे आगामी एक सप्ताह के भीतर अपने वाहनों का फिटनेस प्रमाणपत्र बनवा लें। तय समय सीमा में फिटनेस न कराने पर वाहन को ‘ब्लैक लिस्ट’ कर दिया जाएगा तथा पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) निलंबित कर दिया जाएगा।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस कार्रवाई के लिए वाहन स्वामी स्वयं जिम्मेदार होंगे। अधिकारी ने सभी वाहन मालिकों से अपील की है कि समय रहते अपने दस्तावेजों को अद्यतन करा लें ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।