जमानिया (गाजीपुर)। उमरगंज नई बस्ती गांव स्थित एक ईंट भट्ठे से छह बच्चों के रहस्यमय ढंग से लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना 22 अप्रैल की है, जब श्री बजरंग ईंट उद्योग पर काम कर रहे मजदूरों के बच्चे खेलते समय अचानक गायब हो गए। घटना के चार दिन बाद शुक्रवार को पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर बच्चों की तलाश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, रेवतीपुर थाना क्षेत्र के डेढ़गावा गांव निवासी ओम प्रकाश बनवासी अपने परिवार सहित एक साल से उक्त भट्ठे पर कार्यरत हैं। 22 अप्रैल की शाम लगभग साढ़े चार बजे उनके तीन बच्चे — कुमारी अतवारी (13 वर्ष), अर्जुन (12 वर्ष) और रोशन (9 वर्ष) — अन्य मजदूरों के बच्चों — कुमारी लक्षमीना (6 वर्ष), कुमारी बेफी (6 वर्ष) और अमित (10 वर्ष) — के साथ खेलते हुए लापता हो गए। कामकाज के बाद जब परिजन झोपड़ियों पर लौटे तो बच्चों का कोई अता-पता नहीं था। काफी तलाश के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने आसपास के भट्टों, रिश्तेदारों और गांवों में खोजबीन की, लेकिन बच्चों का कोई पता नहीं चल सका।
अंततः 25 अप्रैल को परिजन कोतवाली जमानिया पहुंचे और बच्चों की बरामदगी की गुहार लगाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बच्चों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। फिलहाल बच्चों के अचानक लापता हो जाने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस हर पहलू से मामले की छानबीन कर रही है।