गाजीपुर। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना के अंतर्गत कुल 15 मामलों पर चर्चा की गई।जिलाधिकारी ने मिशन वात्सल्य के अंतर्गत संचालित राजकीय एवं स्वैच्छिक संस्थाओं की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मा० न्यायालय एवं विभागीय निर्देशों के अनुपालन में संस्थाओं का नियमित निरीक्षण कर सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) और स्पॉन्सरशिप योजनांतर्गत लंबित मामलों का शीघ्र अनुमोदन कराने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड) के अंतर्गत क्रय किए गए लैपटॉप्स का स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से शीघ्र वितरण सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया। बैठक में योजनाओं से संबंधित लंबित पत्रावलियों पर असंतोष जताते हुए जिलाधिकारी ने जिला प्रोबेशन अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा तथा उनके वेतन रोकने का निर्देश भी दिया।