जमानिया (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के हरपुर गांव में पारिवारिक भूमि विवाद ने सोमवार रात हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरपुर गांव निवासी रामधियानी सिंह यादव सोमवार रात करीब 9:25 बजे भोजन के बाद गांव की सड़क पर टहल रहे थे। इसी दौरान पारिवारिक बंटवारे को लेकर नई बस्ती हरपुर के कुछ लोगों ने उनसे गाली-गलौज शुरू कर दी। जब रामधियानी ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर लात-घूंसे और लाठी-डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीड़ित ने बताया कि उनकी चीख-पुकार सुनकर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उन्हें घर लाए। हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।घायल रामधियानी सिंह ने स्थानीय थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।