गाजीपुर। जनपद गाजीपुर के थाना दुल्लहपुर पुलिस ने सोमवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर अपराधी को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अदद नाजायज तमंचा और एक अदद जिन्दा कारतूस (.315 बोर) बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष दुल्लहपुर के निर्देशन में उपनिरीक्षक सर्वजीत यादव अपनी टीम के साथ रात्रि गश्त, संदिग्ध व्यक्ति व वाहन चेकिंग तथा बार्डर निगरानी पर मंसड़ी पुलिया पर तैनात थे। इस दौरान ग्राम मंसड़ी की ओर से आती एक मोटरसाइकिल को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की। पुलिस की तत्परता से उसे रोक लिया गया और तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार बरामद हुआ।
गिरफ्तार युवक की पहचान राजन यादव पुत्र स्व. छतरू यादव निवासी कोटवा, थाना सराय लखंसी, जनपद मऊ (उम्र 24 वर्ष) के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध थाना दुल्लहपुर में मु.अ.सं. 94/2025 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी लंबा रहा है, जिसमें गंभीर धाराओं के तहत पहले से कुल सात मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं, जिनमें हत्या का प्रयास, लूट, धोखाधड़ी, गिरोहबंदी सहित आर्म्स एक्ट की धाराएं शामिल हैं।
पुलिस टीम में शामिल थे:
एसओ कृष्ण प्रताप सिंह, थाना दुल्लहपुर
उपनिरीक्षक सर्वजीत यादव एवं उनकी हमराह टीम
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।