गाजीपुर। राजकीय फल संरक्षण केन्द्र, गाजीपुर के प्रभारी सैय्यद हाशिम महमूद ने बताया कि उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, उत्तर प्रदेश के अंतर्गत अनुसूचित जाति के युवाओं (पुरुष एवं महिला) को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 100 दिवसीय स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को अचार, जैम, जेली, मुरब्बा आदि खाद्य उत्पादों के निर्माण एवं उनसे जुड़े लघु उद्योग स्थापित करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षार्थियों को जनपद एवं मण्डल स्तर की फैक्ट्रियों का भ्रमण भी कराया जाएगा, जिससे वे व्यावहारिक अनुभव प्राप्त कर सकें।
प्रशिक्षण में केवल 30 अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा, जो पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर होगा। इसमें भाग लेने के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल उत्तीर्ण होना अनिवार्य है तथा आयु 18 वर्ष से कम नहीं होनी चाहिए। इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन के साथ हाईस्कूल की मार्कशीट/प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति, जाति प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट साइज के चार फोटो एवं ₹300/- आवेदन शुल्क जमा करना होगा। आवेदन कार्यालय – राजकीय फल संरक्षण केन्द्र, गाजीपुर (बंशी बाजार, पेट्रोल पंप के पास) में किसी भी कार्य दिवस में जमा किए जा सकते हैं।