गाजीपुर। जिला पंचायत राज अधिकारी श्री निलेन्द्र सिंह ने ग्राम पंचायत रेवतीपुर (विकास खण्ड रेवतीपुर) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था तथा सफाई कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति की जांच करना था।निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका के अवलोकन में यह सामने आया कि सफाई कर्मी चन्द्रप्रकाश रावत, जितेन्द्र कुमार रावत एवं बृजेश कुमार पाण्डेय विगत दो दिनों से ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। वहीं सफाई कर्मी दिनेश कन्नौजियाँ, सुरेश राम, नगीना राम एवं सुनील कुमार निरीक्षण की तिथि पर अनुपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त सफाई कर्मचारी पप्पू राज, मु. अनवर, दुधनाथ, संजय कुमार, अनिल कुमार भारती, पंकज कुमार साहू, सिकंदर भारती, विमला देवी, अनिल कुमार राम, बृजेश यादव, चन्दन कुमार जायसवाल, ओमप्रकाश सिंह कुशवाहा तथा मंयक कुमार की उपस्थिति रजिस्टर में न तो उपस्थिति दर्ज थी और न ही उनका नाम अंकित किया गया था। प्रकरण की गम्भीरता को देखते हुए श्री सिंह ने सभी दोषी सफाई कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि यदि उत्तर संतोषजनक नहीं मिला, तो संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।जिला प्रशासन द्वारा की गई यह कार्रवाई पंचायत स्तर पर अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।