गाजीपुर। जनपद में मिलावटी दूध और दुग्ध उत्पादों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय प्रशासन, पुलिस एवं दुग्धशाला विकास विभाग के संयुक्त सहयोग से खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन निगरानी अभियान चलाया। इस विशेष अभियान का नेतृत्व सहायक आयुक्त (खाद्य) आर.सी. पाण्डेय के निर्देशन में किया गया। अभियान के अंतर्गत भोलेनगर, होलीपुर, सैदपुर स्थित प्रो. जयप्रकाश यादव के मेसर्स-पराग बीएमसी (बल्क मिल्क चिलिंग) सेंटर तथा बड़हरा, तुरना, नंदगंज स्थित कमलेश सिंह यादव के बीएमसी सेंटर से मिश्रित दूध के दो नमूने एकत्र किए गए।
संग्रहित नमूनों को जांच हेतु खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के अंतर्गत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।इस कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुमन कुमार मिश्र तथा राजकीय दुग्ध पर्यवेक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह के संयुक्त नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों डॉ. तुलिका शर्मा, गुलाबचंद गुप्त, राजीव कुमार सिंह, विरेंद्र यादव, पंकज कुमार कन्नौजिया एवं अरविंद प्रजापति शामिल रहे। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे मिलावटी खाद्य पदार्थों से सतर्क रहें और इस संबंध में किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें।