गाजीपुर। तकनीकी शिक्षा एवं शोध संस्थान (टेरी), पीजी कॉलेज गाजीपुर के सभागार में बीसीए के नवागत छात्रों के लिए ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सहायक निदेशक डॉ. अजीत प्रताप सिंह गौतम ने बाबू राजेश्वर प्रसाद सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन कर की।
जनपद गाजीपुर में डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय, उत्तर प्रदेश से संबद्ध यह पहला संस्थान बन गया है, जहां बीसीए पाठ्यक्रम का संचालन प्रारंभ हुआ है। शिक्षा के क्षेत्र में यह जनपद के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।संस्थान के प्रबंधक एवं अपर महाधिवक्ता उत्तर प्रदेश अजीत कुमार सिंह के प्रयासों तथा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे.पी. पांडेय के सहयोग से जनपद में बीसीए की मान्यता मिल सकी। इसके चलते अब जिले के छात्र उच्च गुणवत्ता वाली तकनीकी शिक्षा यहीं प्राप्त कर सकेंगे। डॉ. अजीत प्रताप सिंह गौतम ने सभी नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं और कहा कि संस्थान उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से रिसर्च कंप्यूटर लैब भी स्थापित की गई है, जिसका लाभ पीजी कॉलेज गाजीपुर में अध्ययनरत शोध छात्र भी उठा रहे हैं।कार्यक्रम में डॉ. अभिषेक सिंह ने छात्रों को शैक्षणिक, अनुशासनात्मक गतिविधियों तथा ट्रेनिंग और प्लेसमेंट की जानकारी दी। वहीं डॉ. अजातशत्रु सिंह ने संस्थान के पठन-पाठन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों से छात्रों को अवगत कराया। कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन डॉ. अमित प्रताप ने किया।