जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम धुस्का के पास गुरुवार दोपहर लगभग 12 बजे कर्मनाशा नदी में एक युवक का शव उतराया हुआ मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और उसकी शिनाख्त बघरी गांव निवासी मनीष बिंद (20) पुत्र ब्रह्मदेव बिंद के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला मुख्यालय भेज दिया।
बताया गया कि मनीष बीते करीब पांच दिन से लापता था। परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस बीच बुधवार को सूचना मिली कि चंदौली जनपद के करौती गांव के पास एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक नदी में कूद गया है। आशंका के आधार पर परिजन वहां पहुंचे और खोजबीन शुरू कराई, लेकिन देर रात तक कुछ पता नहीं चल सका। गुरुवार को धुस्का गांव के पास ग्रामीणों ने नदी में शव देखा और पुलिस को खबर दी।शव की पहचान होते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के पिता ब्रह्मदेव बिंद, मां सावित्री देवी और छोटे भाई सतीश के विलाप को देख वहां मौजूद लोग भी भावुक हो उठे। परिजनों के अनुसार मनीष मानसिक रूप से विक्षिप्त था और अक्सर भटक कर कहीं चला जाता था। इसी कारण उसके हाथ पर मोबाइल नंबर और नाम-पता लिखवा दिया गया था। रविवार को घर से लापता होने के बाद से परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।