जमानियां, गाजीपुर | कोतवाली क्षेत्र के दरौली (सुमित्रा कटरा) रेलवे स्टेशन के समीप एक मकान पर कुछ दबंगों द्वारा हमला कर तोड़फोड़ और गाली-गलौज किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित रमाशंकर यादव की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़ित का आरोप है कि यह घटना 31 जुलाई 2025 की है, जब मच्छरमारा गांव निवासी उमेश कुमार, राजेन्द्र कुमार, मदनलाल, लालचंद, उदल, रामअवध और बाबूलाल एकजुट होकर उसके मकान पर पहुंचे। उन्होंने पहले गाली-गलौज की और फिर पत्थरों से हमला करते हुए मकान के सामने बने छज्जे में तोड़फोड़ की।प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर सातों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है, तथ्यों के आधार पर विधिक कार्यवाही की जाएगी।