गाजीपुर| उत्तर प्रदेश शासन के आदेशानुसार संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत जनपद गाजीपुर में महिला सशक्तिकरण हेतु विभिन्न थाना क्षेत्रों और ग्राम पंचायतों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के दौरान थाना सादात के ग्राम पंचायत इकरा, थाना बड़ेसर के ग्राम अमवा, थाना रेवतीपुर, थाना भावरकोल, थाना शादियाबाद के ग्राम धावा मोहब्बतपुर, थाना कासिमाबाद के ग्राम खजुहा, थाना दिलदारनगर, थाना जंगीपुर, थाना मरदह के ग्राम सिंगेरा तथा थाना भुड़कुड़ा के पदुमपुर रामराय सहित अन्य क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं को सरकार द्वारा संचालित हेल्पलाइन नंबर 1090, 1098, 1076, 112, 102, 108, 1930 और 181 के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस बल द्वारा मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाली जगहों पर पैदल गश्त कर लोगों को जागरूक किया गया। इसके साथ ही मिशन शक्ति केन्द्रों पर महिला जनप्रतिनिधियों से संवाद कर उन्हें महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के अंतर्गत पुलिस प्रशासन की एंटी रोमियो टीम ने संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण व चेकिंग कर शोहदों के खिलाफ कार्यवाही की। वहीं थाना क्षेत्रों में वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया गया, जिसके तहत हूटर, काली फिल्म, लाल-नीली बत्ती, नंबर प्लेट पर जाति/धर्म संबंधी शब्द या प्रतीक अंकित करने वालों तथा स्टंट करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की गई।