गाजीपुर| उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत प्रदेश के युवाओं, अभ्यर्थियों एवं श्रमिकों को विदेशों में रोजगार के अवसर प्रदान करने हेतु सेवायोजन विभाग द्वारा “रोजगार महाकुंभ-2025” का आयोजन किया जा रहा है। यह दो दिवसीय भव्य आयोजन 14 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2025 तक मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, गोरखपुर में सम्पन्न होगा। इस रोजगार महाकुंभ में यूएई एवं ओमान के लिए विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।
भर्ती के अंतर्गत कंस्ट्रक्शन वर्कर्स, सुपरवाइजर रिगिंग, मोबाइल पंप ऑपरेटर, ट्रांजिट मिक्सर ड्राइवर, फोरमैन सिविल, हैवी ट्रक ड्राइवर, हैवी बस चालक, शटरिंग कारपेंटर तथा कंस्ट्रक्शन हेल्पर जैसे पद शामिल हैं। कुल 10,655 पदों पर चयन की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इन पदों पर मासिक वेतन सीमा ₹24,000 से ₹1,20,769 तक निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल (https://rojgaarsangam.up.gov.in) पर आवेदन करना होगा। साक्षात्कार हेतु प्रवेश केवल क्यूआर कोड लिंक्ड एडमिट कार्ड के माध्यम से ही दिया जाएगा।