गाजीपुर। साइबर अपराधों की रोकथाम एवं पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने के अभियान के तहत थाना बहरियाबाद की साइबर सेल ने एक शिकायतकर्ता की ठगी गई धनराशि वापस कराकर सराहनीय कार्य किया है।
पुलिस के अनुसार बहरियाबाद थाना क्षेत्र के उकरांव गांव निवासी सूर्यजीत प्रसाद पुत्र जयमुरत राम के साथ यूपीआई के माध्यम से 4100 रुपये की साइबर ठगी हुई थी। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।सूचना मिलते ही साइबर सेल बहरियाबाद ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित खाते में भेजी गई धनराशि को होल्ड कराया। इसके बाद भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) द्वारा संचालित सीएफसीएफआरएमएस (CFCFRMS) के एमआरएम पोर्टल के माध्यम से पूरी 4100 रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक शिकायतकर्ता के खाते में वापस कराई गई। धनराशि वापस मिलने पर शिकायतकर्ता ने पुलिस टीम की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर बिना विलंब साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा संबंधित पुलिस से सहायता प्राप्त करें, जिससे समय रहते धनराशि को सुरक्षित कराया जा सके। इस कार्रवाई में थाना बहरियाबाद के थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।