गाजीपुर। महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित “मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण)” अभियान के अंतर्गत जनपद गाजीपुर में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल द्वारा प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान महिला सुरक्षा संबंधी हेल्पलाइन नंबरों एवं कानूनों की जानकारी भी दी गई। वहीं, जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन की एंटी रोमियो टीमों ने संवेदनशील स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई तथा महिलाओं और बालिकाओं को परेशान करने वाले शोहदों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा एवं आत्मविश्वास की भावना को मजबूत करना तथा समाज में महिला सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। अभियान के तहत ऐसे कार्यक्रम आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।